खेल भाटा मैदान में सुबह 7 बजे योग-ध्यान, आयुष कार्यालय परिसर में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक स्वास्थ्य मेला
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 सितंबर 2026। राज्य शासन के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान एवं 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर 2026 को सारंगढ़ में योग-ध्यान सत्र एवं जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
खेल भाटा मैदान में सुबह 7 बजे योग-ध्यान सत्र
कार्यक्रम की शुरुआत सारंगढ़ के खेल भाटा मैदान में प्रातः 7 बजे योग एवं ध्यान सत्र से होगी। इस दौरान नागरिकों को नियमित योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य मेला
इसके पश्चात आयुष कार्यालय परिसर, जनपद पंचायत के सामने, सारंगढ़ में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा।
स्वास्थ्य मेले में आयुष विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। आवश्यकतानुसार रक्त परीक्षण भी किया जाएगा तथा मरीजों को निःशुल्क औषधियों का वितरण किया जाएगा।
नागरिकों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धति, योग, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना है।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं औषधियों का लाभ उठाएं।

