

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस के दिशा-निर्देशानुसार जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के छठे सप्ताह में पुलिस ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, सरकारी विभागों के नाम पर होने वाले साइबर फर्जीवाड़े और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया।
20 से 26 सितंबर तक चल रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों, स्कूलों, कॉलेजों और हाट-बाजारों में करीब 61 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 5,295 से अधिक नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से सावधान
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग परिचित व्यक्ति के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना सकते हैं। इसके बाद परिचितों और रिश्तेदारों से आपात स्थिति बताकर पैसे की मांग की जाती है। पुलिस ने अपील की कि ऐसी स्थिति में पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात कर वास्तविकता की पुष्टि जरूर करें।
सरकारी अधिकारी या विभाग के नाम पर फर्जीवाड़ा
पुलिस ने लोगों को सरकारी विभागों और अधिकारियों के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से भी सावधान रहने की सलाह दी। किसी जुर्माने, नोटिस या अन्य कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे मांगने पर उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना कोई भुगतान नहीं करने की अपील की गई।
निजी जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक न करें
पुलिस ने नागरिकों से अपना मोबाइल नंबर, घर का पता, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक नहीं करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया और बैंकिंग खातों के लिए मजबूत एवं अलग-अलग पासवर्ड रखने की सलाह दी गई।
अनजान लिंक और APK फाइल से रहें सावधान
पुलिस ने विशेष रूप से अनजान लिंक और APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की चेतावनी दी। किसी लुभावने ऑफर, पुरस्कार, नौकरी या अन्य बहाने से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने की सलाह दी गई।
साथ ही सार्वजनिक Wi-Fi का इस्तेमाल करते समय ऑनलाइन बैंकिंग या UPI लेनदेन से बचने की सलाह दी गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।
ठगी से संबंधित चैट, मोबाइल नंबर, स्क्रीनशॉट और लेनदेन की जानकारी जैसे सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने तथा संबंधित बैंक को तत्काल सूचना देने की सलाह भी दी गई।
पुलिस की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अजनबियों से सावधान रहें, किसी के दबाव या बहकावे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, साइबर हेल्प डेस्क या संबंधित माध्यम से पुलिस को दें।
पुलिस का संदेश है—‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।’

