सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 सितंबर 2026। राज्य शासन की युवा रत्न सम्मान योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं तथा स्वैच्छिक संगठनों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र युवा एवं स्वैच्छिक संगठन 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
योजना के तहत सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं का चयन कर उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष एक उत्कृष्ट स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन किया जाता है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट युवा को 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त अन्य युवा रत्न सम्मानों के लिए चयनित युवाओं को 1 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
प्राप्त आवेदनों का जिला स्तर पर परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। पात्र पाए गए आवेदनों को राज्य स्तर पर अनुशंसा के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन ने पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।

