10 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब और स्कूटी जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 सितंबर 2026। थाना सरिया पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 2,000 रुपये, तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG-13 N 0236, जिसकी अनुमानित कीमत 15,000 रुपये है, जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्कूटी में हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब लेकर ओडिशा की ओर से सरिया की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर थाना सरिया पुलिस स्टाफ एवं गवाहों के साथ थाना के सामने स्टॉपर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक CG-13 N 0236 को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम फूलचंद चौहान पिता दाऊराम चौहान, उम्र 60 वर्ष, निवासी अडभार जलगढ़, थाना सरिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।
पुलिस ने स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली, जिसमें तीन पॉलिथीन में रखी हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। कुल 10 लीटर शराब एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को गवाहों के समक्ष जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार किया तथा गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस द्वारा जिले में जुआ-सट्टा तथा अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना सरिया पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रधान आरक्षक मोहनलाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक अनिल साहू एवं आरक्षक श्रवण टंडन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

