मिलेट्स उत्पादन, प्रसंस्करण और किसान से उपभोक्ता तक मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दी किसान को दी बधाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि विकासखंड सारंगढ़ के ग्राम परसाडीह निवासी प्रगतिशील किसान कुलदीप पटेल को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्हें श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण तथा किसानों से सीधे खरीद कर उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
किसान कुलदीप पटेल को 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित ‘एट होम स्वागत समारोह’ में शामिल होने के लिए भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में कृषि, विज्ञान, शिक्षा, उद्योग, नवाचार, सामाजिक विकास, संस्कृति, रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देश के चुनिंदा व्यक्तियों एवं संस्थाओं को आमंत्रित किया जाता है। इस समारोह में आमंत्रण प्राप्त होना राष्ट्र निर्माण में दिए गए उत्कृष्ट योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचान माना जाता है।
वर्ष 2018 में स्थापित फसल बाजार के माध्यम से कुलदीप पटेल किसानों को केवल खेती तक सीमित न रखकर ‘किसान से उपभोक्ता तक’ मॉडल के जरिए संपूर्ण कृषि मूल्य श्रृंखला से जोड़ रहे हैं। उन्होंने ‘गवई’ ब्रांड के माध्यम से रागी, कोदो, कुटकी सहित विभिन्न मिलेट्स उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। वे स्थानीय किसानों से सीधे मिलेट्स की खरीदी कर उसका वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन करते हुए बाजार तक पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिलने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है। उनके प्रयासों से जिले में मिलेट्स की खेती को बढ़ावा मिला है तथा किसानों में प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन के प्रति जागरूकता विकसित हुई है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में कुलदीप पटेल ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य भेंट कर राष्ट्रपति भवन से प्राप्त आमंत्रण पत्र की जानकारी साझा किया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कुलदीप पटेल को इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिला और छत्तीसगढ़ राज्य के किसानों के परिश्रम, नवाचार और क्षमता का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुलदीप पटेल की सफलता जिले के अन्य किसानों और युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता, मिलेट्स के उत्पादन तथा मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
जिला प्रशासन के अधिकारी, उप संचालक कृषि विभाग आशुतोष श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधियों तथा जिले के किसानों ने भी कुलदीप पटेल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के कृषि क्षेत्र की बढ़ती पहचान और किसानों की मेहनत का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है।
