सारंगढ़-बिलाईगढ़:- भटगांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन तथा नकदी भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे तथा एसडीओपी विजय ठाकुर के निर्देशन में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त को थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक्टिवा क्रमांक CG 12 BV 7563 में एक युवक और एक महिला गांजा लेकर कोरबा की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी जिला जांजगीर-चांपा (हाल मुकाम कोरबा) तथा पीछे बैठी महिला ने अपना नाम रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा बताया।
तलाशी लेने पर एक्टिवा की सीट के नीचे दो पैकेट तथा महिला के बैग से तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल 9.295 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। महिला ने पूछताछ में बताया कि गांजा उसने पदमपुर से खरीदा था।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, एसआई बलीराम निराला, एएसआई नवीन ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, रीना बघेल, मोहन कुमारी सहित समस्त थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

