सारंगढ़:- विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गुरुवार को आशा निकेतन, सारंगढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने माताओं को जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने, छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा निरंतर स्तनपान के महत्व, पोषण और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। “माँ का दूध – शिशु के लिए संपूर्ण आहार” विषय पर विशेष चर्चा करते हुए इसे शिशु के सर्वश्रेष्ठ पोषण का आधार बताया गया।
इस अवसर पर “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” एवं “मिशन वात्सल्य” योजनाओं के तहत बाल संरक्षण, बाल अधिकार और बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री विनय तिवारी, डॉ. राम भूषण तिवारी तथा योग प्रशिक्षक श्री नत्थूलाल केडिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित माताओं ने स्तनपान को बढ़ावा देने तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान संदेश दिया गया कि “हर मां स्वस्थ रहे, हर बच्चा संस्कार और पोषण पाए।”



