


फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, सरकारी अधिकारी बनकर ठगी और निजी जानकारी साझा करने से बचने पुलिस ने किया सतर्क
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के निर्देश पर जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत पुलिस लगातार स्कूल-कॉलेज, थाना-चौकी, हाट-बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के छठे सप्ताह में आज जिले के 84 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 5931 से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से रहें सावधान
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग परिचित व्यक्ति की फोटो और नाम का इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना लेते हैं। इसके बाद दोस्त या रिश्तेदार बनकर अचानक पैसों की जरूरत बताकर राशि की मांग की जाती है। ऐसी स्थिति में पैसा भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से उसके वास्तविक मोबाइल नंबर पर सीधे संपर्क कर पुष्टि करने की सलाह दी गई।
सरकारी अधिकारी बनकर धमकाने वाले ठगों से सावधान
साइबर ठग कई बार सरकारी विभाग या अधिकारी के नाम पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को जुर्माने, कानूनी कार्रवाई या अन्य कार्रवाई का डर दिखाते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी तरह की धमकी मिलने पर घबराकर पैसा ट्रांसफर न करें और संबंधित विभाग अथवा अधिकारी से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।
निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें
पुलिस ने नागरिकों को घर का पता, मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, OTP, पासवर्ड तथा आधार-पैन जैसे पहचान संबंधी दस्तावेज सोशल मीडिया या अनजान व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीयता सेटिंग को भी सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन आर्थिक ठगी हो जाती है तो बिना देरी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, राशि को रोकने या वापस प्राप्त करने की कार्रवाई की संभावना उतनी बेहतर हो सकती है।
पुलिस की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, किसी के बहकावे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या साइबर हेल्प डेस्क को दें।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के प्रति जागरूक बनें।”

