सारंगढ़-बिलाईगढ़, :- दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत छुईहा (धनसीर) निवासी भूपेंद्र कुमार भैना (24 वर्ष) की मृत्यु के बाद जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। शनिवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें इस दुःख की घड़ी में ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने मृतक की बहन को गले लगाकर सांत्वना दी तथा परिवार को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जम्मू-कश्मीर प्रशासन, छत्तीसगढ़ शासन एवं संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि परिवार को हर आवश्यक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार, एसडीओपी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मृतक भूपेंद्र भैना और दीपक रात्रे के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है।
इधर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं कुलगाम जिला प्रशासन द्वारा 6 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें से 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।
मृतक भूपेंद्र कुमार भैना अपने पीछे पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र मानस, दादी शांति बाई, माता नागेश्वरी, पिता दशरथ, छोटी बहन अन्नू भैना तथा छोटे भाई अनुराग भैना सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।

