सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 जुलाई। जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में जिला यातायात पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गोदाम में एक दिवसीय यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों के पालन, ज़ेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस ने 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत देते हुए उन्हें अपने परिवार और समाज में भी सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक मुकेश साहू, आरक्षक अक्षय रात्रे, विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



