सारंगढ़। सारंगढ़ पुलिस ने नारी सम्मान निधि योजना के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्रामीणों और महिलाओं को 20 माह में पैसा दोगुना, जमा राशि पर 10% अनुदान तथा लोन की किश्त संस्था द्वारा जमा करने का झांसा देकर निवेश कराता था।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने आरोपी अजय लक्ष्मै (निवासी छर्रा, थाना सारंगढ़) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जेवरा सहित आसपास के गांवों के लोगों से छत्तीसगढ़ युवा समाज सुधार समिति के नाम पर संचालित कथित नारी सम्मान निधि योजना में निवेश कराकर करीब ₹2,38,22,260 की ठगी की गई। मामले में थाना सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक एवं रजिस्टर जब्त किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों और एजेंटों की तलाश जारी है।
ठगी के आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।

