
7 आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया; 4 मोटरसाइकिल समेत लूट का सामान बरामद
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 सितंबर 2026। सरसींवा पुलिस ने ट्रक रोककर चालक एवं उसके साथी से मारपीट कर मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लूटने के मामले में कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजशांति प्रकाश बिके अपने भाई के साथ ट्रक क्रमांक MH 33 T 7010 में ओडिशा के बरगढ़ से कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लोड कर सरायपाली-सरसींवा मार्ग से बिलासपुर जा रहे थे। इसी दौरान 18 सितंबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे शासकीय अस्पताल गाताडीह के सामने मुख्य मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों में सवार आरोपियों ने ट्रक को रोक लिया।
आरोपियों ने ट्रक के सामने आकर पत्थर मारकर कांच तोड़ दिया और चालक एवं उसके साथी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। इसके बाद उनका मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां छीनकर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरसींवा में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सुनसान सड़क पर ट्रक लूटने की बनाई थी योजना
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सरसींवा पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर क्षेत्र में सूचना तंत्र सक्रिय किया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने गाताडीह से सरसींवा जाने वाली सुनसान सड़क पर रात के समय दूसरे राज्य के वाहन को रोककर पैसा एवं सामान लूटने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत ट्रक को रोककर चालक एवं उसके साथी के साथ मारपीट कर सामान लूटने की बात सामने आई।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिल, प्रार्थी का मोबाइल फोन, गैस चूल्हा एवं कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं।
7 आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मामले में यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू, यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू, देवेन्द्र साहू उर्फ नानु, पुष्पेन्द्र चौहान, शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे, छोटेलाल साहू और मुकेश कुर्रे को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मामलों में अपराध दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
1. यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू, उम्र 19 वर्ष, सरसींवा
2. यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू, उम्र 21 वर्ष, सोहागपुर
3. देवेन्द्र साहू उर्फ नानु, उम्र 20 वर्ष, मोहतरा (न)
4. पुष्पेन्द्र चौहान, उम्र 18 वर्ष 9 माह, चिचोली
5. शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे, उम्र 21 वर्ष, जोगेसरा
6. छोटेलाल साहू, उम्र 21 वर्ष, मोहतरा (न)
7. मुकेश कुर्रे, उम्र 21 वर्ष, तिलाईपाली
8. एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है तथा संबंधित मामलों की जांच की जा रही है।

