

7 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ जिले ने दर्ज कराई प्रभावी उपस्थिति
कलेक्टर और एसपी ने खिलाड़ियों बधाई देते हुए कहा – जिले के लिए यह गौरव की बात है
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 सितम्बर 2026। जगदलपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर जिले की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
अंडर-14 बालक वर्ग की तवा फेंक स्पर्धा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कपरतुंगा के मोहन बरेठ, पिता सुखीराम बरेठ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की रोजा यादव, पिता गुलाबचंद यादव ने तवा फेंक और गोला फेंक दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बोड़ा की विजयलक्ष्मी, पिता सफेदलाल ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक, 400 मीटर और 600 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा 600 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी विद्यालय की प्रतिमा, पिता धनेश्वर प्रसाद ने ऊंची कूद में कांस्य पदक तथा 400 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।
अंडर-17 बालक वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कपरतुंगा के फिरोज सिदार, पिता रमेश सिदार ने तवा फेंक और हैमर थ्रो दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की तनुजा पटेल, पिता जसवंत पटेल ने तवा फेंक में स्वर्ण पदक तथा हैमर थ्रो में रजत पदक अपने नाम किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग की 400 गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसीवा की लीना साहू, पिता यादराम साहू ने कांस्य पदक हासिल कर जिले की पदक तालिका में योगदान दिया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन उनकी निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास, खेल के प्रति समर्पण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। व्यक्तिगत स्पर्धाओं के साथ रिले स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने पदक हासिल कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन खिलाड़ियों की सफलता से जिले के ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी नई पहचान मिली है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों और उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है।यह जिलें के लिए गौरव की बात है।

