कॉलेज रोड से जेल रोड, गौरव पथ से देवघरा चौक तक बदलेगी सड़कों की तस्वीर, दो सीसी सड़कें और दो पुलियों का भी होगा निर्माण
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 नवंबर 2026। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के नगरीय विकास को गति देने के लिए राज्य शासन ने बड़ी राशि स्वीकृत की है। नगर पालिका परिषद सारंगढ़ क्षेत्र में कुल 15 विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ 49 लाख 83 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप नगरीय अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं।
इस स्वीकृति के तहत नगर के अलग-अलग वार्डों में 11 बीटी सड़कों, दो सीसी सड़कों और दो पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से बेहतर सड़क और आवागमन सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे शहरवासियों को इन कार्यों से राहत मिलने की संभावना है।
सड़कों पर खर्च होंगे 4.69 करोड़ रुपये
स्वीकृत राशि में 4 करोड़ 8 लाख 90 हजार रुपये 11 बीटी सड़कों के निर्माण के लिए, 60 लाख 10 हजार रुपये दो सीसी सड़कों के लिए तथा 80 लाख 83 हजार रुपये दो पुलियों के निर्माण के लिए निर्धारित किए गए हैं। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अधोसंरचना मद से स्वीकृत की गई है।
इन वार्डों में होंगे प्रमुख निर्माण कार्य
वार्ड क्रमांक 1 में कॉलेज रोड से जेल रोड तक बीटी सड़क के लिए 25.61 लाख रुपये तथा वार्ड 2 एवं 3 में सिविल कोर्ट से गौरव पथ अपेक्स बैंक तक सड़क निर्माण के लिए 40.09 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
वार्ड 4 एवं 5 में जनपद पंचायत कार्यालय से इंडोर स्टेडियम तक सीसी सड़क के लिए 48.12 लाख रुपये तथा वार्ड 5 में दूसरी सीसी सड़क के लिए 11.98 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
वार्ड 7 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 31.71 लाख रुपये तथा वार्ड 7 एवं 13 में ठाकुर राउर चौक से रायपुर रोड नाका नंबर 5 तक सड़क के लिए 47.69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वार्ड 8 एवं 9 में अटल परिसर से नंदा चौक तक 37.87 लाख रुपये और अटल परिसर से आजाद चौक तक सड़क निर्माण के लिए 35.20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
वार्ड 8, 9, 12 एवं 13 में नंदा चौक से दौलत चौक होते हुए शनि मंदिर तक सड़क के लिए 36.15 लाख रुपये तथा वार्ड 9, 10 एवं 12 में साप्ताहिक दैनिक बाजार से देवघरा चौक तक सड़क निर्माण के लिए 49.92 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वार्ड 11 में बुटीपारा से कमला नगर को जोड़ने वाली सड़क के लिए 67.93 लाख रुपये और घोघरा नाला के पास आरसीसी पुलिया निर्माण के लिए 12.90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
वहीं वार्ड 12 में छोटे मठ से कमला नगर इंदिरा चौक तक सड़क के लिए 45.08 लाख रुपये, वार्ड 13, 14 एवं 15 में अस्पताल चौक पैलपारा से शहीद स्मारक तक सड़क के लिए 17.95 लाख रुपये तथा वार्ड 15 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 40.63 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
अब निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगी नजर
करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की यह स्वीकृति सारंगढ़ नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, शहरवासियों की वास्तविक उम्मीद अब इन स्वीकृत कार्यों के धरातल पर उतरने से जुड़ी है। निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों, गुणवत्ता से समझौता न हो और स्वीकृत राशि का सही उपयोग हो, यह सुनिश्चित करना नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होगी।
अब शहरवासियों को इंतजार है कि कागजों में स्वीकृत विकास कार्य कब धरातल पर उतरेंगे और सारंगढ़ की सड़कों की तस्वीर कब बदलेगी।
