10वीं, 12वीं, आईटीआई पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, निजी क्षेत्र की कई कंपनियां करेंगी भर्ती
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में आयोजन, सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। आगामी 27 नवंबर को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां कुल 271 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 12,200 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा। इसमें 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण से लेकर आईटीआई योग्यताधारी युवा भी अपनी पात्रता के अनुसार शामिल हो सकेंगे।
इन कंपनियों में मिलेगी नौकरी
स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड: फील्ड ऑफिसर के 30 पद। योग्यता 10वीं एवं 12वीं पास। मासिक वेतन 12,200 रुपये।
जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड: टेक्नीशियन के 30 पद। योग्यता 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई। मासिक वेतन 15,240 से 18,000 रुपये।
चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड: कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पद। योग्यता 10वीं एवं 12वीं पास। मासिक वेतन 12,200 रुपये।
टीपीएल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड: विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर 181 रिक्तियां। इनमें टेक्नीशियन 5, आईटीआई फिटर 50, गैस कटर 18, ग्राइंडर ऑपरेटर 20, वेल्डर 17, टर्नर 5, केन ऑपरेटर 10, मशीन ऑपरेटर 15 और हेल्पर के 50 पद शामिल हैं। मासिक वेतन 14,000 से 25,000 रुपये तक निर्धारित है।
युवाओं के लिए जरूरी सूचना
इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे नगर पंचायत सरसींवा स्थित रोजगार मेला स्थल पर पहुंचें। अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक जानकारी लेकर आएं।
जिला प्रशासन ने जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल हों। भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र से प्राप्त की जा सकती है।
अब सवाल यह है कि जिले के कितने बेरोजगार युवा इस अवसर का लाभ उठा पाते हैं? रोजगार मेले की सफलता केवल पदों की संख्या से नहीं, बल्कि युवाओं को वास्तविक नियुक्ति मिलने से तय होगी।
