
श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बाल दिवस के अवसर पर जिला यातायात पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित भविष्य की सीख देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की। 14 नवंबर को श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल, बिलाईगढ़ में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव और नवीन कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और बच्चों के प्रति उनके स्नेह को याद किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सुरक्षा के प्रति जागरूकता उनके जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का बताया महत्व
यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को मोटरसाइकिल या कार जैसे वाहन नहीं चलाने चाहिए। दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।
साइबर ठगी से बचने के लिए बच्चों को किया सतर्क
कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने समझाया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, फर्जी कॉल से सावधान रहें और अपना ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
साथ ही बताया गया कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, ताकि समय रहते शिकायत दर्ज कराई जा सके।
नाबालिगों को वाहन दिया तो अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने अभिभावकों को आगाह करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए बिल्कुल न दें। मोटरयान अधिनियम की धारा 199A के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में अभिभावक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की मोबाइल एवं इंटरनेट गतिविधियों पर उचित निगरानी रखने और स्वयं यातायात नियमों का पालन कर बच्चों के सामने आदर्श प्रस्तुत करने की अपील की।
बच्चों की सुरक्षा से ही सुरक्षित समाज की नींव
जिला यातायात पुलिस की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि सड़क पर सावधानी और इंटरनेट पर सतर्कता दोनों ही आज के समय की बड़ी जरूरत हैं। बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
