2.15 लाख रुपये की आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, कम कीमत पर बेचता था वाहन
सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारंगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 2 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और फिर उन्हें कम कीमत पर बेच देता था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं एसडीओपी सारंगढ़ श्री गोविन्द दीवान के नेतृत्व में जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने वाहन चोरी के मामले में आरोपी अनिल पटेल, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना बरमकेला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की गई हैं।
AI तकनीक से तैयार करता था फर्जी दस्तावेज
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए AI तकनीक का उपयोग कर उनके फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद इन दस्तावेजों के आधार पर चोरी के वाहनों को कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपनाए गए इस तरीके से वाहन चोरी के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है।
इन 8 मोटरसाइकिलों की हुई बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन हीरो HF डीलक्स, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस, एक होंडा साइन, एक होंडा एक्टिवा 5G, एक बजाज प्लेटिना और एक होंडा साइन SP मोटरसाइकिल बरामद की है। इनमें कुछ वाहनों के इंजन एवं चेसिस नंबर तथा दो वाहनों के पंजीयन क्रमांक पुलिस द्वारा जारी विवरण में उल्लेखित हैं।
पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें और वाहन के आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें। यदि कोई व्यक्ति बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर वाहन बेचने का प्रयास करता है या संदिग्ध दस्तावेज प्रस्तुत करता है, तो सतर्क रहें। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस – जनता की सुरक्षा, पुलिस की प्रतिबद्धता।
