सारंगढ़-बिलाईगढ़
🔶 यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त एवं सघन कार्रवाई जारी।
🔶 सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने वालों पर विशेष सख्ती।
🔶 22 मामलों में कार्रवाई कर ₹27,400 का चालान।
🔶 यातायात नियमों का पालन करने वाहन चालकों से विशेष अपील।
जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यातायात टीम द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने, सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरती गई। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत भी दी गई।
22 मामलों में ₹27,400 का चालान
यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में अलग-अलग धाराओं के तहत जुर्माना लगाया गया। इसमें धारा 4/181 एवं 5/180 के तहत 10 मामलों में ₹20,000, धारा 122/177 के तहत 7 मामलों में ₹2,100 तथा धारा 116/190(2) के तहत 2 प्रकरणों में ₹4,000 का जुर्माना वसूला गया।
इस प्रकार यातायात पुलिस द्वारा कुल 22 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹27,400 की चालानी कार्रवाई की गई।
वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं तथा सड़क पर गलत स्थान पर वाहन पार्क कर यातायात बाधित न करें।
पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।
