


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 जुलाई। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोज़ल समिति की मौजूदगी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 31 प्रकरणों में जब्त 767.911 किलोग्राम अवैध गांजे का विधिवत विनष्टीकरण किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹1,53,58,220 बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि शासन के निर्देशों, न्यायालय के आदेश तथा जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोज़ल समिति की निगरानी में विभिन्न थानों और चौकियों से जब्त गांजे का सत्यापन किया गया। इसके बाद पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए रायगढ़ स्थित एमपीएस स्टील एंड पावर प्लांट की भट्टी में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार, विगत पांच वर्षों के नष्टीकरण प्रकरणों में सबसे अधिक 9 मामले थाना सरिया क्षेत्र के रहे, जबकि थाना बिलाईगढ़ दूसरे स्थान पर रहा, जहां 5 मामले दर्ज थे।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, खरीद-बिक्री और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा एवं सहायक उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह राजपूत उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए गांजे का सुरक्षित विनष्टीकरण किया गया।

