सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस के यातायात सेल ने अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ ही नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 69 मामलों में 46,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे के निर्देशन में यह अभियान दानसरा रोड, हरदी बाईपास, भारतमाता चौक, छिंद और टिमरलगा रोड सहित प्रमुख मार्गों पर चलाया गया। इस दौरान एसडीओपी स्नेहिल साहू, जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा तथा परिवहन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया गया अतिक्रमण
संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य प्रमुख सड़कों के किनारे दुकानों द्वारा किए गए अवैध विस्तार, अस्थायी शेड और अन्य बाधाओं को हटाया। अधिकारियों ने दुकानदारों और वाहन चालकों को चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ या राष्ट्रीय मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण अथवा अवैध पार्किंग पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर सख्ती
भारतमाता चौक और हरदी बाईपास जैसे व्यस्त क्षेत्रों में गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए पुलिस ने विशेष कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 69 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर 46,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा वाहन चालकों, ढाबा संचालकों और पेट्रोल पंप प्रबंधकों को समझाइश दी गई कि वे वाहनों को मुख्य सड़क से लगभग 2.5 से 3 मीटर दूर सुरक्षित स्थान पर पार्क कराएं, ताकि यातायात निर्बाध रहे और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।



आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित बनाना उसकी प्राथमिकता है। यदि कोई व्यापारी सड़क या फुटपाथ पर दुकान फैलाते, अवैध शेड लगाते या नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
