ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
राज्य सलाहकार एवं जिला नोडल अधिकारी मोनिका सिंह प्रशिक्षण में शामिल हुई
सारंगढ़-बिलाईगढ़, / कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत जिला पंचायत सभाकक्ष में शुक्रवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 एवं प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर सरपंचों, सचिवों एवं स्वच्छता दीदियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य कार्यालय से जिला के नोडल अधिकारी मोनिका सिंह, राज्य सलाहकार तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. रुपेश राठौर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन एवं निस्तारण की प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम स्तर पर जनभागीदारी एवं नियमित निगरानी से स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रथम चरण में चयनित 45 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को मजबूत करते हुए घर-घर से कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण तथा उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने जिले के सभी ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे ग्रामों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करें तथा लोगों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करें। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता दीदियों का चयन कर उनका मानदेय निर्धारित करने तथा सात दिनों के भीतर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम स्तर पर नियमित निगरानी एवं समीक्षा कर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ राधेश्याम नायक, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, स्वच्छता दीदियां एवं स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
