सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशों के परिपालन में तहसीलदार सारंगढ़ एन.के. सिन्हा द्वारा लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष पहल की गई। कलेक्टर द्वारा जिले के सभी तहसीलदारों को राजस्व प्रकरणों के प्रभावी निराकरण के निर्देश जारी किए गए थे।
निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने बारिश शुरू होने से पूर्व सभी लंबित सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से विशेष सीमांकन पखवाड़ा अभियान चलाया। अभियान के तहत विगत वर्षों से लंबित कई सीमांकन प्रकरणों का भी सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
गौरतलब है कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने के बाद सीमांकन कार्य कर पाना कठिन हो जाता है, जिससे अनेक किसान अपनी भूमि संबंधी समस्याओं को लेकर चिंतित रहते हैं। ऐसे में तहसीलदार सिन्हा के विशेष प्रयासों से लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण होने से किसानों में संतोष और खुशी का माहौल है।
स्थानीय किसानों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सीमांकन होने से भूमि विवादों के समाधान में सहायता मिलेगी तथा कृषि कार्यों की तैयारी भी सुगमता से हो सकेगी

