
सारंगढ़-बिलाईगढ़। थाना सरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 9 किलो 265 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल एवं दो स्मार्ट मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 11 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक काले रंग की हीरो होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 34 MB 0154 में सवार होकर उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते दमोह (मध्य प्रदेश) की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम गणेश ठाकुर पिता आशाराम ठाकुर उम्र 29 वर्ष तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम अवि घोसी पिता प्रहलाद घोसी उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम तेन्दुखेड़ा बीड़ी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 09 थाना तेन्दुखेड़ा जिला दमोह (मध्य प्रदेश) बताया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पिट्ठू बैग से चार पैकेटों में रखा अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरगढ़ (उड़ीसा) से गांजा लेकर जबलपुर (मध्य प्रदेश) बिक्री के लिए जा रहे थे। आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 9.265 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
थाना सरिया में अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को 12 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सहायक उप निरीक्षक कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, भोजराम नट, सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक मुकेश कश्यप, दिगम्बर पटेल, दिलीप साहा, छतराम कुर्रे एवं नर्मदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

