
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्राम पंचायत रेड़ा में रविवार शाम गुपचुप खाने के बाद 21 ग्रामीण फूड पायजनिंग के शिकार हो गए। अचानक उल्टी, पेट दर्द और तबीयत बिगड़ने की शिकायत होने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही सरपंच द्वारा सभी प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल जिला अस्पताल सारंगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को सभी मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि फूड पायजनिंग की गंभीर स्थिति को देखते हुए 4 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सभी मरीजों का लगातार स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है और खाद्य सामग्री की जांच की तैयारी की जा रही है, ताकि फूड पायजनिंग के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।



