रायपुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह की सहमति से भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इस घोषणा में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है।
अब तक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री का दायित्व संभाल रहे, सारंगढ़ विधानसभा के वरिष्ठ एवं कद्दावर युवा नेता हरिनाथ खूंटे को अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। श्री खूंटे लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रदेश भर में अनुसूचित जाति मोर्चा को सशक्त बनाने के कार्य में निरंतर लगे हुए हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव, समर्पण एवं कार्यकुशलता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा क्षेत्र में खुशी की लहर व्याप्त है।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए हरिनाथ खूंटे ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी ने मुझे अनुसूचित जाति मोर्चा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे मैं पूरी निष्ठा एवं गंभीरता से निभाऊंगा। मैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव सिंह जी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े जी सहित समस्त प्रदेश भाजपा नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। मैं यह आश्वासन देता हूँ कि प्रदेश भर में अनुसूचित जाति मोर्चा को और अधिक मजबूत करने हेतु विशेष पहल की जाएगी।”

