सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 नवंबर 2025।
देश के प्रसिद्ध सुपर 30 के संस्थापक और गणितज्ञ आनंद कुमार 25 नवंबर को सरिया पहुँचेंगे, जहां वे युवाओं को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर मार्गदर्शन देंगे। यह कार्यक्रम वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम आज अपरान्ह 3:30 बजे सरिया में आयोजित होगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं के पहुंचने की उम्मीद है। आनंद कुमार विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र, लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।
आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण और अंचल के छात्रों को बड़े स्तर की प्रेरणा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।
