एसपी सुनील शर्मा और एएसपी धीरेन्द्र पटेल ने कंधों पर अशोक स्तंभ लगाकर दी शुभकामनाएं
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस में वर्ष 2015 बैच की डीएसपी एवं वर्तमान में बिलाईगढ़ एसडीओपी के पद पर पदस्थ श्रीमती दीपिका मिंज को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर पदोन्नति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है।
पदोन्नति के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल ने श्रीमती मिंज के कंधों पर अशोक स्तंभ का बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सारंगढ़ एसडीओपी श्री गोविंद दीवान, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस एवं रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा भी उपस्थित रहे।
श्रीमती दीपिका मिंज ने अपने लगभग 11 वर्षों के पुलिस सेवा कार्यकाल में कोरबा, अंबिकापुर, चौथी बटालियन माना (रायपुर) और चिरमिरी सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वे बिलाईगढ़ में एसडीओपी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ पुलिस विभाग में योगदान दिया है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर उनकी पदोन्नति उनके सेवाकाल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
