
सरिया और सरसींवा में मुरुम-रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई, एक लाख रुपये शासन के खाते में जमा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सरिया और सरसींवा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विभाग ने कुल 12 वाहन एवं मशीनों को पकड़ा।
खनिज विभाग के अनुसार, ग्राम जोतपुर-बोंदा में मुरुम के अवैध उत्खनन पर दो जेसीबी और तीन ट्रैक्टर, जबकि ग्राम ओडकाकन में रेत के अवैध परिवहन पर एक ट्रैक्टर जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। इसके अलावा सरिया क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई की गई।
इससे पहले 21 सितंबर को ग्राम ओडकाकन में रेत के अवैध उत्खनन के मामले में एक ट्रैक्टर लोडर मशीन और दो ट्रैक्टरों पर कार्रवाई कर एक लाख रुपये शासन के मद में जमा कराए गए थे।
विभाग ने बताया कि कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
