
राज्य स्तर के प्रशिक्षक ने ऑनलाइन माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया समझाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में वीबीजीआरएएमजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम विकास कार्ययोजना के अंतर्गत कार्यों की बेहतर समझ विकसित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सारंगढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के तीनों विकासखंडों के कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षक श्री शशिकांत गुप्ता, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, वीबीजीआरएएमजी एवं श्री किशन जायसवाल, कार्यक्रम अधिकारी, बिलाईगढ़ द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्राम विकास कार्ययोजना से संबंधित आवश्यक प्रावधानों, प्रक्रियाओं तथा कार्यान्वयन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य मैदानी स्तर पर योजना की प्रक्रिया को स्पष्ट करना तथा कार्ययोजना निर्माण में एकरूपता के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में राज्य स्तर से प्रशिक्षक श्री विभाष चौबे ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने ग्राम विकास कार्ययोजना की कार्यप्रणाली एवं कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से व्यावहारिक रूप से समझाया। उन्होंने बताया कि ग्राम स्तर की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों की पहचान करते हुए किस प्रकार कार्ययोजना तैयार की जाएगी, कार्यों का प्राथमिकता निर्धारण कैसे किया जाएगा तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयनित कार्यों को योजना में शामिल किया जाएगा।
श्री चौबे ने कार्ययोजना निर्माण, कार्यों के चयन, प्राथमिकता निर्धारण, आवश्यक जानकारी के संधारण और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी प्रक्रियाओं को विस्तारपूर्वक समझाया। प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को योजना की प्रक्रिया को मैदानी स्तर पर व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्राम विकास कार्ययोजना से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका प्रशिक्षकों द्वारा समाधान करते हुए कार्ययोजना तैयार करने तथा योजनांतर्गत कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
जिले में वीबीजीआरएएमजी योजना के प्रभावी संचालन और ग्राम विकास कार्ययोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए मैदानी अमले की क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को योजना के प्रावधानों और प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ प्रदान करने के साथ कार्ययोजना निर्माण में एकरूपता तथा योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

