108.640 किलो गांजा और ₹1.14 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, 12 तस्कर गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 04 सितंबर 2026।
सारंगढ़ पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में 2 सितंबर से 4 सितंबर 2026 तक लगातार 48 घंटे का सघन नार्कोटिक्स विरोधी अभियान चलाकर गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान में सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 108.640 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही वाहनों, मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,14,50,500 की संपत्ति जब्त की गई है।
अभियान के दौरान तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामलों में तथा एक अन्य मामले में स्थानीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
डोगरीपाली में 15 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
2 सितंबर को थाना डोगरीपाली क्षेत्र के ग्राम बिरनीपाली बैरियर के पास एएनटीएफ एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के तीन आरोपियों महेश निषाद, अमित पाठक और किशन सिंह को पकड़ा। उनके कब्जे से 15.03 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7.50 लाख है, बरामद किया गया।
कंचनपुर बैरियर में 4.150 किलो गांजा और कार जब्त
3 सितंबर को ग्राम कंचनपुर बैरियर में पुलिस ने पांच आरोपियों के कब्जे से 4.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक CG 13 BK 4475 और पांच स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस मामले में कुल ₹13.35 लाख की संपत्ति जब्त की गई।
54.325 किलो गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार
इसी दिन कंचनपुर बैरियर के पास एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 54.325 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹27.12 लाख है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी कार क्रमांक CG 10 EP 2600, जिसकी कीमत लगभग ₹5 लाख है, भी जब्त की गई।
इस मामले में उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी वीरेंद्र कुमार चौरसिया तथा झांसी निवासी राहुल कुमार खटीक को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में कुल ₹32.12 लाख की जब्ती की गई।
पायलटिंग कर रही दो कारों से खुला बड़ा तस्करी नेटवर्क
कंचनपुर बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक हुंडई औरा कार क्रमांक UP 70 RT 1067 पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से पीछे मुड़ने लगी। पुलिस ने तत्परता से वाहन को रोककर पूछताछ की। कार सवारों के व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनके आने की दिशा में भी जांच शुरू की।
कुछ दूरी पर एक अन्य हुंडई औरा कार क्रमांक UP 70 RT 3451 सुनसान स्थान पर मिली। दोनों वाहनों में सवार कुल छह लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि उनके पीछे एक काले रंग की टाटा सफारी गांजा लेकर आ रही थी और दोनों कारें उसकी पायलटिंग कर रही थीं।
पुलिस की चेकिंग देखकर पायलटिंग कर रहे लोगों ने टाटा सफारी को अलर्ट किया, जिसके बाद सफारी दिशा बदलकर वापस चली गई। पूछताछ में गांजा को प्रयागराज, उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी सामने आई।
सारंगढ़ पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना रूट में पड़ने वाले जिला रायगढ़ पुलिस को दी। रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लैलूंगा थाना क्षेत्र में टाटा सफारी तथा उसके साथ चल रही स्कूटी को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में रायगढ़ पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर 34.865 किलोग्राम गांजा, दो हुंडई औरा कार, एक टाटा सफारी और एक स्कूटी सहित कुल ₹61.53 लाख की संपत्ति जब्त की।
नशे के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान
सारंगढ़ पुलिस एवं रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 48 घंटे तक चले इस सघन अभियान के दौरान कुल 108.640 किलोग्राम गांजा तथा ₹1,14,50,500 की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस द्वारा सभी मामलों में एंड-टू-एंड कार्रवाई जारी है। ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।



