रायपुर, (छत्तीसगढ़) 3 अगस्त 2026:- रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल और स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के बीच कथित फोन वार्ता का विवाद अब लोकसभा तक पहुंच गया है। सांसद ने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फोन पर बातचीत के दौरान स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने सांसद से कथित तौर पर कहा, “जो करना है कर लो।” सांसद का कहना है कि यह व्यवहार जनप्रतिनिधि के विशेषाधिकार और गरिमा के विपरीत है।
मामले को गंभीर मानते हुए लोकसभा सचिवालय ने कार्मिक मंत्रालय से हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तथ्यात्मक रिपोर्ट (Factual Report) मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मुद्दे पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

