सारंगढ़बिलाईगढ़:- जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला पुलिस कार्यालय में पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मीडिया के सुझाव सुने तथा पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को संरक्षण देने वाले व्यक्तियों को भी किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में नाबालिगों के साथ-साथ उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी शर्मा ने बताया कि गांव-गांव पहुंचकर छोटे-छोटे अपराधों की जानकारी एकत्र की जाएगी, क्योंकि कई बार ऐसी घटनाएं थानों तक नहीं पहुंचतीं और आगे चलकर गंभीर अपराध का रूप ले लेती हैं। इसके लिए विशेष टीम गठित कर जनसहयोग से अपराध नियंत्रण की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान समाधान ऐप एवं अप्रवासी व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित पुलिस ऐप की भी जानकारी दी गई। वहीं उपस्थित पत्रकारों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, मुसाफिरी सत्यापन, माइक्रो फाइनेंस कर्मचारियों के सत्यापन, तेज रफ्तार एवं स्टंट करने वाले बाइक चालकों पर कार्रवाई, जुआ एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान, हेलमेट की अनिवार्यता तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए।



पुलिस अधीक्षक ने सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया के समन्वय से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
