छत्तीसगढ़ शासन से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को मिलीं 8 मोटरसाइकिल, 1 बस, 1 मिनी बस एवं 1 जेल वाहन
आधुनिक संसाधनों से और अधिक सशक्त होगी जिले की कानून-व्यवस्था



सारंगढ़ बिलाईगढ़:- पुलिस मुख्यालय द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को 8 नई मोटरसाइकिल, 1 बस, 1 मिनी बस एवं 1 जेल वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को जिला पुलिस कार्यालय परिसर में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर इन वाहनों को पुलिस बेड़े में शामिल किया।
नए वाहनों के शामिल होने से जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। पुलिस बल को वीआईपी ड्यूटी, आपातकालीन परिस्थितियों एवं विशेष अभियानों के दौरान कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाना अब और अधिक सुगम होगा।
बस एवं मिनी बस का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के त्वरित आवागमन के साथ-साथ बैरिकेड्स, राहत एवं सुरक्षा सामग्री तथा अन्य आवश्यक संसाधनों को दुर्घटना स्थल, प्रदर्शन स्थल अथवा आपातकालीन क्षेत्रों तक शीघ्र पहुँचाने में किया जाएगा।
वहीं, नई मोटरसाइकिलों के माध्यम से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इससे पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी तथा आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए इन आधुनिक संसाधनों से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस पहले से अधिक तेज, सक्षम एवं प्रभावी होकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिला पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

