ग्राम पंचायतों में वीबीजीरामजी एवं जीपीडीपी रहेगा मुख्य एजेंडा
सारंगढ़ बिलाईगढ़, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आगामी 20 जुलाई को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित तिथि को विशेष ग्रामसभा का आयोजन सुनिश्चित करें तथा बैठक की वीडियो, फोटोग्राफ और संकलित प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित करें।
जारी आदेश के अनुसार, विशेष ग्रामसभा में वीबीजीरामजी योजना के अंतर्गत पूर्व में स्वीकृत कार्यों की प्राथमिकता सूची का पुनः परीक्षण कर नई सूची तैयार कर ग्रामसभा से अनुमोदन लिया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) 2026-27 की कार्ययोजना पर भी ग्रामसभा की स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। ग्राम सभा में इसके अतिरिक्त अन्य स्थानीय विकास संबंधी विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

