
सारंगढ़-बिलाईगढ़। अवैध शराब बिक्री एवं निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी कनकबीरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को करीब 200 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने वाले उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कनकबीरा धान उपार्जन मंडी के सामने जंगल किनारे स्थित एक झोपड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान झोपड़ी के पास मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम सुंदरलाल मैत्री उर्फ गोलू पिता बोधराम मैत्री उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम कनकबीरा बस्तीपारा चौकी कनकबीरा थाना सारंगढ़ बताया। आरोपी ने अवैध शराब बनाना एवं बिक्री करना स्वीकार किया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 50-50 लीटर क्षमता वाले 4 नीले ड्रमों में भरी करीब 200 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण, प्लास्टिक बाल्टी, सिल्वर गंज तथा इलेक्ट्रिक क्वाईल भी जब्त किए गए।
इसके अलावा मौके पर रखे दो-दो सौ लीटर क्षमता वाले 5 बड़े ड्रमों में भरे गुड़, शक्कर एवं महुआ पास को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 236/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, आरक्षक जगजीवन खुटे, कुंज बिहारी निराला, पोशेंद्र कुर्रे, बिहारी लाल साहू सहित समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
