सारंगढ़ बिलाईगढ़। जिले के हरदी ग्राम के दर्राभाठा खार क्षेत्र में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला युवक का शव अब पहचान लिया गया है। परिजनों ने पुष्टि की है कि मृतक आयुष अंचल ही है, जो 17 तारीख से घर से लापता था। इस पुष्टि के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
ग्रामीणों ने खेत की ओर जाते समय पेड़ पर शव लटका देखा था। शव सड़ी-गली अवस्था में मिला, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। बदबू फैलने के कारण आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया।

12वीं का छात्र था आयुष
आयुष अंचल हरदी गांव का निवासी था और 12वीं कक्षा का छात्र था। कुछ ही दिनों में उसकी बोर्ड परीक्षा होने वाली थी। परिजनों ने उसके लापता होने पर पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब शव की पहचान होने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हत्या या आत्महत्या? जांच जारी
मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया — इस पर अभी भी संशय बना हुआ है। शव की स्थिति खराब होने के कारण शुरुआती जांच में स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों सहित स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।
इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी
