सुप्रीम कोर्ट की रोक हटाने और बिल लागू करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आज भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने UGC बिल के समर्थन में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए UGC बिल को जल्द लागू करने की मांग उठाई।
धरना स्थल पर मौजूद भीम आर्मी के नेताओं ने कहा कि UGC बिल अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लाया गया है। उनका कहना था कि यह बिल शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए रोक के कारण इसका लाभ वंचित वर्गों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
भीम आर्मी के वक्ताओं ने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था में समानता और अवसर की बराबरी सुनिश्चित करने के लिए UGC बिल को बिना देरी लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए रोक को हटाया जाए, ताकि SC-ST-OBC वर्ग के छात्रों को शिक्षा में उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों को स्पष्ट रूप से रखा। धरना स्थल पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया गया, लेकिन कार्यकर्ताओं के नारों से माहौल काफी गर्म रहा।
भीम आर्मी के जिला पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही UGC बिल को लागू नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
