मुंबई। बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी टीम ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। अभिनेता की मौत की खबर मिलते ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। धर्मेंद्र को सोमवार को सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में जुटी फिल्म इंडस्ट्री
धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर जैसे ही खबर फैली, इंडस्ट्री में खामोशी छा गई और सेलेब्रिटी उनकी चिंता में जुट गए। सुपरस्टार शाहरुख खान, सलमान खान और गोविंदा जैसे कई सितारे उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान पूरे देओल परिवार की मौजूदगी भी अस्पताल में रही।
हेमा मालिनी ने की थी दुआ की अपील
धर्मेंद्र की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने 10 नवंबर की शाम अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उनके मुस्कुराते हुए एक फोटो शेयर की थी। उन्होंने लिखा कि धरम जी अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में हैं और सभी का धन्यवाद किया जिन्होंने उनकी चिंता की। उन्होंने फैंस से उनके स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील भी की थी।
7 दशकों का शानदार करियर
धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित सितारों में से एक हैं। 7 दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उनके फिल्मी सफर में ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धरम वीर’ जैसी कई हिट फिल्में शामिल हैं। ‘शोले’ का डायलॉग “बसंती, इन कुत्तों के आगे मत नाचना” आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
आखिरी फिल्में और रिलीज़
भले ही धर्मेंद्र 89 साल के थे, लेकिन इंडस्ट्री में एक्टिव रहते हुए उन्होंने हाल ही में फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में अपने अभिनय का जादू दिखाया। उनका अगला प्रोजेक्ट अगस्त्य नंदा की इक्कीस है, जो 25 दिसंबर को रिलीज होगी।
