
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत महज दो दिनों में 85 प्रकरण दर्ज कर कुल 43 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन और मार्गदर्शन में जिला यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 एवं 19 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
दो दिनों में 85 चालान, 43 हजार रुपये वसूले
यातायात पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 55 प्रकरणों में 29,200 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं 18 नवंबर को 30 प्रकरणों में 13,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 85 प्रकरणों में 43,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 13, नो पार्किंग के 9 तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने के 7 मामले सामने आए। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
जाम और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल
यातायात पुलिस का यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना तथा मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाले जाम की समस्या को कम करना है।
मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना पड़ सकता है भारी
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति हेलमेट का उपयोग करें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या संदेश देखने से बचें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें।
यातायात पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने वाहन चालकों को विशेष रूप से आगाह करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या संदेश देखने से बचें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का पालन करना केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
