
दो अलग-अलग मामलों में अवैध शराब परिवहन और बिक्री का खुलासा, 7 हजार रुपये की शराब बरामद
सारंगढ़ बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सरसींवा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन करने वाले दो आरोपियों और शराब बिक्री करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 35 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है। वहीं शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
मोटरसाइकिल से शराब परिवहन करते दो आरोपी पकड़ाए
पहले मामले में 19 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल में हरे रंग की बोरी के भीतर अवैध महुआ शराब लेकर गाडापाली से तेंदुभाठा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर सरसींवा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान संजय रात्रे (33 वर्ष) एवं बृज कुर्रे (33 वर्ष), दोनों निवासी तेंदुभाठा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 100 प्लास्टिक पाउच में भरी कुल 18 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 3,600 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
घर की बाड़ी में बिक्री के लिए रखी थी महुआ शराब
दूसरे मामले में 20 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घरजरा में राधाबाई साहू (51 वर्ष) अपने घर की बाड़ी में अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब रखी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 85 प्लास्टिक पाउच में भरी कुल 17 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 3,400 रुपये है, बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
