उक्त कार्यक्रम में नशा मुक्त युवा – विकसित भारत विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित किया गया जिसमें
अन्नपूर्णा ताडिया ने प्रथम, व्यासनारायण महिलांगे ने द्वितीय एवं पुष्पेंद्र चंद्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया
सारंगढ़। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़) द्वारा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” विषय पर जिला स्तरीय 3 मिनट की भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय, सारंगढ़ में किया गया।
इस प्रतियोगिता में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के तीनों विकासखंडों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की एवम सभी को प्रशस्ति पत्र एवम मैडल प्रदान किया गया । प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित तीन मिनट की अवधि में अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए नशे के दुष्परिणामों, युवाओं के भविष्य पर इसके प्रभाव, परिवार एवं समाज में नशे से उत्पन्न समस्याओं तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे साथ ही विकसित भारत यंग लीडर्स का सेल्फी पॉइंट में युवा ने उत्साह से फ़ोटो खिंचवाए।
वक्ताओं ने अपने भाषण के माध्यम से बताया कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल, सकारात्मक सोच एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक व्यवस्था और देश की प्रगति में भी बाधक बनता है। इसलिए युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के विचारों, प्रस्तुतीकरण, वक्तृत्व कला एवं विषय की समझ के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा परिणाम घोषित किए गए।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम स्थान – सुश्री अन्नपूर्णा ताडिया, श्रीराम महिला महाविद्यालय, सारंगढ़।
द्वितीय स्थान – श्री व्यासनारायण महिलांगे, शासकीय महाविद्यालय, बिलाईगढ़।
तृतीय स्थान – श्री पुष्पेंद्र चंद्रा, भटगांव।
तीनों स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व एवं विषय की सारगर्भित प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना, विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
मेरा युवा भारत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, शिक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।


