
12,600 रुपये का वसूला गया जुर्माना, बार-बार नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस निरस्त कराने की होगी कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़ यातायात सेल द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 20 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 12,600 रुपये का चालान वसूल किया गया।
जिला पुलिस एवं यातायात सेल द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और लापरवाही से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती दिखाई।
इन नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 8 प्रकरण, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 8 प्रकरण, नो एंट्री नियम का उल्लंघन करने के 2 प्रकरण तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 2 प्रकरण शामिल हैं। इस प्रकार कुल 20 मामलों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए 12,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यातायात प्रभारी ने दी सख्त चेतावनी
जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा एवं यातायात पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। वाहन चालक स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा चौराहों पर यातायात सिग्नलों का पालन करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी गई कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर एवं बार-बार उल्लंघन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित घर पहुंचें
जिला यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, वाहन पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा नो एंट्री सहित सभी यातायात प्रतिबंधों का पालन करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुरक्षा और जिले में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
