सारंगढ़-बिलाईगढ़:- जिले में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सारंगढ़ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात सेल द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं पुलिस बल ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच करते हुए वाहन चालकों के दस्तावेजों का परीक्षण किया तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
इस विशेष अभियान में कुल 16 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 5,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान धारा 50/177 के तहत वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट रूप से रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं पाए जाने पर 14 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा धारा 128/194(C) के अंतर्गत मोटरसाइकिल पर तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) बैठाकर वाहन चलाने वाले 02 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 1,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
चालानी कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए जागरूक भी किया। अधिकारियों ने समझाइश दी कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह यातायात नियमों का पालन करे।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि— 🔹 दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें।
🔹 निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
🔹 नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
🔹 तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाएं।
🔹 वाहन पर रजिस्ट्रेशन नंबर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट रूप से अंकित रखें।
🔹 सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें एवं यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे विशेष चेकिंग अभियान और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

