सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 जून 2026। धान खरीदी में फर्जीवाड़े के मामले में सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा सहकारी समिति मर्यादित साल्हेओना के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025-26 खरीफ धान खरीदी के दौरान साल्हेओना उपार्जन केंद्र पंजीयन क्रमांक 245 में किसानों का धान फड़ में आए बिना ही फर्जी ऑनलाइन खरीदी प्रविष्टियां दर्ज की गईं। जांच में सामने आया कि 3140.80 क्विंटल धान, जिसकी कीमत 97.36 लाख रुपये से अधिक है, तथा 2045 नए जूट बारदानों की कीमत 1.75 लाख रुपये सहित कुल 99.12 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति समिति एवं शासन को पहुंचाई गई।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों में समिति के लिपिक कन्हैया लाल पटेल, भृत्य अर्जुन लाल पटेल, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी मुकेश पटेल उर्फ प्रेमसागर तथा रात्रि चौकीदार शौकी लाल सिदार शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि धान खरीदी कार्य में बिना नियुक्ति आदेश के लोगों को लगाया गया था तथा फर्जी तरीके से ऑनलाइन एंट्री कर किसानों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 3(5) एवं 61(2)(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, पीएसआई गजेन्द्र चन्द्राकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

