

विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प के साथ सेवा और राष्ट्रभावना का दिखेगा अनूठा संगम
सांसद श्री राधेश्याम राठिया होंगे मुख्य अतिथि, जिलेभर से ग्रामीणजन होंगे शामिल
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त बैठक में की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को सौंपे अलग-अलग दायित्व
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 06 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा, सेवा ज्योति यात्रा और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ विशाल रंगोली की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की संभावित सहभागिता को देखते हुए कार्यक्रम स्थल से लेकर यात्रा मार्ग तक की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन सहित आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपते हुए आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सेवा, संस्कृति, राष्ट्रभावना और जनभागीदारी के इस जिला स्तरीय आयोजन में क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि होंगे। जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राही, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
बैठक में जिले में नव पदस्थ अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, सहित समस्त एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ विशाल रंगोली बनेगी आकर्षण का केंद्र
खेलभांठा मैदान में “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” की भावना को साकार करती विशाल रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। रंगोली के माध्यम से सेवा, राष्ट्रभावना, राष्ट्रीय प्रतीकों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को आकर्षक एवं संदेशपरक स्वरूप दिया जाएगा। इसमें महाविद्यालयीन विद्यार्थियों सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता रहेगी।
आयोजन में “भारत की विविधता में एकता—विकसित भारत 2047” की भावना भी दिखाई देगी। देश की विविध संस्कृति, कला, परंपरा, लोक जीवन और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विकसित भारत का सामूहिक संकल्प
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9.15 बजे से लोगों का आगमन शुरू होगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां होंगी। सुबह 10 बजे अतिथियों के आगमन के साथ वंदे मातरम् की प्रस्तुति होगी तथा 10.05 बजे स्वागत एवं कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। सुबह 10.10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष और 10.15 बजे प्रधानमंत्री का आभासी संबोधन होगा।
सुबह 10.55 बजे प्रधानमंत्री द्वारा “विकसित भारत @2047” का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे स्थानीय अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। सुबह 11.05 बजे राष्ट्रगान होगा और 11.10 बजे सेवा ज्योति यात्राओं को प्रस्थान कराया जाएगा।
सेवा और राष्ट्रभावना का संदेश लेकर निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
खेलभांठा मैदान से सेवा ज्योति यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। यात्रा जन-जन तक सेवा, सामाजिक सहभागिता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी का संदेश पहुंचाएगी। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने संयुक्त बैठक में कार्यक्रम स्थल और प्रस्तावित यात्रा मार्ग पर कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयोजन के दौरान लोगों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
जिला पंचायत और जनपद पंचायतों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
जिलेभर से ग्रामीणजनों की सहभागिता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सहभागिता तथा शासन की योजनाओं के हितग्राहियों और महिला स्व-सहायता समूहों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए जिला एवं जनपद स्तर पर समन्वय स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंच, विशाल रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, अग्निशमन, चलित शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा एवं एम्बुलेंस सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण तथा मीडिया समन्वय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों को समय पर पूरा करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखें। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि 7 अक्टूबर का यह जिला स्तरीय आयोजन सेवा, राष्ट्रभावना, जनभागीदारी और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रभावी संदेश बन सके।

