
सारंगढ़। सावधान हो जाएं और गौर से इस खबर को पढ़ें, नहीं तो आपकी एक छोटी-सी गलती भारी पड़ सकती है। जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ जिले के कई WhatsApp ग्रुपों में “RTO Challan” के नाम से APK फाइल/लिंक भेजा जा रहा है। यदि आपके पास भी ऐसी संदिग्ध फाइल आती है, तो उसे बिल्कुल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
यह साइबर ठगी का प्रयास हो सकता है। ऐसी संदिग्ध APK को इंस्टॉल करने और अनावश्यक परमिशन देने से मोबाइल, WhatsApp या व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसके जरिए ठग व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग संबंधी विवरण या अन्य संवेदनशील डेटा का दुरुपयोग कर नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं।
सारंगढ़ के WhatsApp ग्रुपों में भेजने का प्रयास
बताया जा रहा है कि ऐसा संदिग्ध लिंक/मैसेज सारंगढ़ के कुछ WhatsApp ग्रुपों में भेजने का प्रयास किया गया है। कुछ एडमिनों तक भी यह संदेश पहुंचा है। मामले से संबंधित स्क्रीनशॉट और नंबर की जानकारी सुरक्षित रखी जा रही है।
स्क्रीनशॉट में दिखाई दे रहे नंबर की वास्तविकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है। नंबर हैक हुआ है या साइबर ठगी में शामिल है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
यदि आपके WhatsApp पर भी ऐसा मैसेज या APK आया है, तो उसे डाउनलोड न करें। संबंधित नंबर, मैसेज और लिंक का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें, ताकि पुलिस को शिकायत के दौरान उपलब्ध कराया जा सके।
इस मामले में संबंधित नंबर और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
साइबर ठगी से बचें, सतर्क रहें और इस खबर को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें, ताकि कोई भी व्यक्ति फर्जी RTO Challan APK का शिकार न बने।

