दो अलग-अलग कार्रवाई में 2 कार, KTM बाइक और 5 मोबाइल सहित ₹36.49 लाख की संपत्ति जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 सितंबर 2026। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ए.एन.टी.एफ. और थाना सरिया एवं थाना सरसीवां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 7 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 50.761 किलोग्राम गांजा, 2 कार, 1 KTM मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹36,49,000 बताई गई है।
सरसीवां में 40 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
थाना सरसीवां पुलिस और ए.एन.टी.एफ. की संयुक्त टीम ने ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर राजकुमार राणा की ऑटो पार्ट्स दुकान के पास घेराबंदी कर चार गांजा तस्करों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से लंबर-सरसीवां मार्ग होते हुए पामगढ़ गांजे की खेप लेकर जा रहे थे। कार के आगे KTM मोटरसाइकिल से पायलेटिंग कर रहे दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
– टुकेश्वर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी बालांव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
– गणेश राम यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी मुड़पार, हाल बारगांव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
– भावेश साहू, निवासी ग्राम बारगांव, थाना पामगढ़।
– विनोद यादव, निवासी ग्राम बारगांव, थाना पामगढ़।
कार और बाइक से बरामदगी
तलाशी के दौरान सफेद रंग की होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 LP 0011 के अंदर रखे 40 पैकेटों से कुल 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही एक KTM मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 W 6889 और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सरिया में भी 10.761 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर पकड़े गए
इससे पहले थाना सरिया पुलिस और ए.एन.टी.एफ. ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए टोयोटा कार में सवार तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से कार के बोनट में छिपाकर रखे गए 10 पैकेटों में 10.761 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस मामले में एक कार और दो मोबाइल सहित कुल ₹8,26,500 की संपत्ति जब्त की गई थी। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
24 घंटे में पुलिस की बड़ी उपलब्धि
दोनों मामलों को मिलाकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 50.761 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसके अलावा 2 कार, 1 KTM मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन भी पुलिस के कब्जे में हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

