नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से लेकर CCTNS, ई-साक्ष्य और डिजिटल पोर्टल्स के 100% उपयोग पर जोर
बिलासपुर, 01 सितंबर 2026। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग ने मंगलवार को बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय अपराध एवं सुरक्षा समीक्षा बैठक ली। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, गंभीर अपराधों पर नियंत्रण, डिजिटल पुलिसिंग, NDPS मामलों में कार्रवाई तथा गो-तस्करी के संगठित गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, जांजगीर-चांपा एवं सारंगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। साथ ही ANTF एवं विशेष नोडल प्रभारी अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
IG श्री रामगोपाल गर्ग ने BNS एवं BNSS के प्रभावी क्रियान्वयन तथा न्याय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और त्वरित बनाने के निर्देश दिए। न्याय संहिता डैशबोर्ड की प्रगति, ई-समन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तथा डिजिटल साक्ष्य संकलन ई-साक्ष्य के उपयोग की भी समीक्षा की गई।
60 और 90 दिवस की समय-सीमा में चालान-खात्मा
थानों में लंबित मामलों को न्यूनतम स्तर पर लाने के निर्देश देते हुए IG ने कहा कि BNSS के तहत निर्धारित 60 एवं 90 दिवस की वैधानिक समय-सीमा के भीतर चालान अथवा खात्मा प्रस्तुत किया जाए।
सभी राजपत्रित अधिकारियों को लंबित मामलों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
CCTNS और डिजिटल पुलिसिंग का 100% उपयोग
बैठक में पुलिसिंग को तकनीक आधारित एवं पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न IT पोर्टल्स के शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर दिया गया।
MedLEaPR: स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से हस्तलिखित MLR/PMR के स्थान पर डिजिटल रिपोर्ट का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश।
e-Sign एवं GeM: विवेचकों के डिजिटल हस्ताक्षर तथा शिकायतकर्ताओं के ई-साइन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर।
e-Sakshya: डिजिटल साक्ष्यों को ई-साक्ष्य पोर्टल से जोड़ने के निर्देश।
e-Forensic: जब्त सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ई-फॉरेंसिक प्रणाली के माध्यम से भेजने पर जोर।
e-Malkhana: थाना एवं जिला स्तर पर बारकोड आधारित डिजिटल मालखाना व्यवस्था लागू करने के निर्देश।
CCTNS एवं VCNB: CCTNS में IIF-1 से IIF-11 तक की प्रविष्टियों तथा ग्राम अपराध नोटबुक को राजस्व रिकॉर्ड के अनुरूप अपडेट करने के निर्देश।
NDPS मामलों में कड़ाई, तस्करों की संपत्ति पर भी कार्रवाई
मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में प्रक्रियात्मक त्रुटियों को रोकने के लिए IG ने ANTF प्रभारी अथवा प्रशिक्षित अधिकारी की मौजूदगी में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष फोटोग्राफी सहित संयुक्त इन्वेंट्री तैयार करने तथा आदतन तस्करों के विरुद्ध PIT-NDPS एवं SAFEMA के तहत संपत्ति कुर्की के ठोस प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
गौ-तस्करी के संगठित गिरोहों पर शिकंजा
IG ने अंतरराज्यीय गो-तस्करी गिरोहों के खिलाफ एंड-टू-एंड बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए वित्तीय विवेचना करने के निर्देश दिए।
आदतन तस्करों की गैंग हिस्ट्रीशीट खोलने, उनकी संपत्ति अटैच करने तथा Collector Court के साथ समन्वय कर जब्त वाहनों के त्वरित राजसात एवं सार्वजनिक नीलामी की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे सघन चेकिंग करने के भी निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
IG श्री रामगोपाल गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि बिलासपुर रेंज में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, तकनीकी पोर्टल्स के शत-प्रतिशत उपयोग और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि CCTNS एवं IT पोर्टल्स के अनुपालन में शिथिलता, विवेचना में गंभीर त्रुटियों के कारण दोषमुक्ति तथा चालान प्रस्तुत करने की वैधानिक समय-सीमा का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।
लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। IG ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।
