24 CARAT ENTERTAINMENT के बैनर तले निर्मित बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म “भुइयां” जल्द ही प्रदेशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक शेखर सोनी (उदय) अपनी टीम के साथ फिल्म के प्रचार-प्रसार के सिलसिले में सारंगढ़ पहुंचे, जहां स्थानीय दर्शकों और मीडिया में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
फिल्म के जारी पोस्टर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमें एक्शन, ड्रामा और माइथोलॉजी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पोस्टर में बर्फ से ढके पहाड़, हवाई जहाज, बाघ और देवी स्वरूप की झलक फिल्म की भव्यता और रहस्यमयी कहानी की ओर संकेत करती है।




फिल्म के डीओपी दीपक साहू और संजय माहतो हैं, जबकि संगीत जगजीत सिंह सोनी ने दिया है। गीतों की रचना शेखर सोनी और पूर्णिमा सोनी ने की है। एक्शन निर्देशन की जिम्मेदारी विक्की टार्जन और शेखर सोनी ने संभाली है। फिल्म के कार्यकारी निर्माता शिव शरण बड़गैया हैं तथा वितरण का कार्य मां फिल्म्स के तरुण सोनी द्वारा किया जाएगा।

फिल्म की एक विशेषता यह भी है कि इसमें एआई क्रिएटिव हेड के रूप में सोमेश्वर प्रसाद और रिशिका थिटे शर्मा जुड़े हुए हैं, जो छत्तीसगढ़ी सिनेमा में आधुनिक तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।
सारंगढ़ प्रवास के दौरान फिल्म की टीम ने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों एवं दर्शकों से मुलाकात कर फिल्म के बारे में जानकारी साझा की। इस अवसर पर निर्माता-निर्देशक शेखर सोनी ने कहा कि “भुइयां छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और भावनाओं से जुड़ी कहानी है। सारंगढ़ के लोगों का स्नेह और समर्थन हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ी भाषा में “भुइयां” का अर्थ धरती या जमीन होता है। फिल्म के शीर्षक से अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी कहानी मिट्टी, संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और वीरता से जुड़ी हो सकती है।
हालांकि फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन पोस्टर पर “जल्द आ रहा है” का उल्लेख किया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म आगामी कुछ महीनों में दर्शकों के बीच होगी।

