सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र साल्हेओना में करोड़ों की धान खरीदी अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। सरिया पुलिस ने बिना वास्तविक धान आवक के फर्जी ऑनलाइन एंट्री कर शासन की राशि गबन करने के आरोप में समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सहायक खाद्य अधिकारी बरमकेला विद्यानंद पटेल की लिखित शिकायत पर थाना सरिया में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 316(5), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान उपार्जन केन्द्र साल्हेओना पंजीयन क्रमांक 245 में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया गया। जिला कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच टीम ने 20 अप्रैल 2026 को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें 3140.80 क्विंटल धान एवं 2045 नग नए जूट बारदाने की कमी पाई गई। कुल कमी की राशि 99 लाख 12 हजार 411 रुपये 35 पैसे आंकी गई।
पुलिस जांच में आरोपियों ने किसानों के नाम पर बिना धान आवक के फर्जी टोकन काटकर कम्प्यूटर सिस्टम में बायोमैट्रिक डिवाइस और आईरिश स्कैनर के माध्यम से ऑनलाइन खरीदी एंट्री कर शासन की राशि का गबन करना स्वीकार किया।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों में बंशीधर पटेल और वासुदेव पटेल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तौल पर्चियां, मोबाइल फोन, कम्प्यूटर सिस्टम, बायोमैट्रिक डिवाइस और आईरिश स्कैनर जब्त किया है।
पूरे मामले की विवेचना में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



